डामरीकरण के लिए प्रस्तावित सरूवांवा-पूरे कहारन संपर्क मार्ग। संवाद
अमेठी सिटी। टांडा-बांदा मार्ग के किमी 83 से राजस्व ग्राम सरुवांवा के मजरा कहारन को जोड़ने वाले 1200 मीटर लंबे कच्चे संपर्क के डामरीकरण को मंजूरी मिल गई है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। पक्की सड़क बनने से आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में सड़क का कुछ हिस्सा खड़ंजा और कुछ मिट्टी का है। जगह-जगह मार्ग बदहाल होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलभराव होने से समस्या बढ़ जाती है। यह मार्ग गौरी का पुरवा, कहारन का पुरवा, मॉल का पुरवा और सनहा समेत आसपास के लोगों के लिए टांडा-बांदा मार्ग तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क खराब होने से रोजमर्रा के काम के लिए आने-जाने में दिक्कत होती है। विद्यार्थियों को स्कूल और लोगों को अस्पताल, बैंक व सरकारी कार्यालय पहुंचने में परेशानी उठानी पड़ती है। पक्की सड़क बनने से इन गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होगा। नई सड़क से ग्रामीणों को अस्पताल, ब्लॉक, स्कूल, बैंक, तहसील, जिला मुख्यालय और न्यायालय आने-जाने में भी सुविधा होगी।
ग्रामीण बबलू यादव, विनोद शर्मा और पुतनू सिंह ने बताया कि संपर्क मार्ग लंबे समय से खराब है। कई स्थानों पर सड़क की स्थिति ऐसी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। नई सड़क बनने से लोगों को राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने के साथ आसपास के गांवों के विकास को भी गति मिलेगी।
टांडा-बांदा मार्ग से सीधा संपर्क होने के कारण लोगों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने में आसानी होगी। अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि 1200 मीटर संपर्क मार्ग के डामरीकरण के लिए एक करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।