गौरीगंज (अमेठी)। कोविड-19 के मरीजों की संख्या ने सोमवार को रिकॉर्ड तोड़ दिया। देर रात आई रिपोर्ट में गौरीगंज के नायब तहसीलदार समेत 90 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। एक साथ बड़ी संख्या में मरीज मिलने से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा है। रिपोर्ट सामने आने के बाद संक्रमित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकाल के तहत कार्य करने के लिए संयुक्त टीमें गठित कर दी गई हैं।
कोविड-19 का संक्रमण रोकने के लिए जिला प्रशासन खासा सतर्क है। बावजूद इसके मरीज मिलने का सिलसिला दिन प्रति दिन विकराल होता जा रहा है। सोमवार देर रात मिली रिपोर्ट में एक साथ 90 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिन लोगों को पॉजिटिव पाया गया है उनमें 52 की जांच एंटीजन, एक की ट्रूनॉट व 37 की आरटीपीसीआर से हुई।
मिली रिपोर्ट के अनुसार गौरीगंज में नायब तहसीलदार बलवीर सिंह समेत 15, संग्रामपुर, भेटुआ व बहादुरपुर में दो-दो, शाहगढ़ व बाजार शुकुल ब्लॉक में एक-एक, जामो में तीन, सिंहपुर में छह, मुसाफिरखाना में नौ, भादर में 10, अमेठी में 13 व जगदीशपुर में सर्वाधिक 26 मरीज मिले हैं। जगदीशपुर के 26 मरीजों में 18 इंडोगल्फ टाउनशिप के हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमितों के मोहल्लों व गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकाल के तहत बचाव कार्य के लिए टीमों का गठन किया है। डीएम के निर्देश पर गठित टीमें मंगलवार को संक्रमितों के गांव व मोहल्लों को सील करते हुए सैनिटाइजर छिड़काव, थर्मल स्क्रीनिंग व उनके क्लोज कॉन्टेक्ट में आए लोगों की सूचना संकलित करते हुए संभावित लोगों की सैंपलिंग करने में जुटी रहीं।
डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 1,583 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। जिनमें से 1,118 उपचार के बाद सही हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में 11 की मौत हो चुकी है तो वर्तमान में 454 मरीज अस्पताल या सुविधा के अनुसार होम आइसोलेट हैं। होम आइसोलेट मरीजों के उपचार व निगरानी का भी प्रबंध किया गया है।
अमेठी के कोरोना संक्रमित मरीज की लखनऊ में मौत
गौरीगंज। कोविड-19 पॉजिटिव मिलने के बाद लखनऊ के चंदन हॉस्पिटल में भर्ती अमेठी के एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। अमेठी ब्लॉक के गांव मरफापुर मजरे बेनीपुर निवासी मो. वकील खान (72) शुगर व हार्ट के मरीज थे। तबीयत खराब होने पर परिवारीजन उन्हें तीन सितंबर को लेकर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने बुजुर्ग की कोरोना जांच कराई तो वे पॉजिटिव निकले।
तबीयत ज्यादा खराब होने के चलते उन्हें देर शाम लखनऊ के चंदन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही प्रशासन ने इसकी जानकारी उनके परिवारीजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवारीजन संबंधित अस्पताल के लिए रवाना हो गए। वकील खान की मौत के बाद जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। डीएम अरुण कुमार ने वकील के मौत की पुष्टि की है।