गौरीगंज (अमेठी)। जिले में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार देर रात एकत्र सैंपलों की जांच रिपोर्ट में नौ लोग पॉजिटिव मिले। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमित मिले मरीजों के गांवों व मोहल्लों में बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।
कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर रोज संभावित लोगों की सैंपलिंग कराकर जांच की जा रही है। एंटीजन, रैपिड व ट्रूनॉट मशीन से की गई 1,588 की जांच रिपोर्ट संकलित होकर बुधवार देर शाम जिला प्रशासन को मिली। मिली रिपोर्ट में नौ लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिला प्रशासन को मिली रिपोर्ट में जिन लोगों को पॉजिटिव बताया गया है उनमें बहादुरपुर, गौरीगंज, भेटुआ व अमेठी के एक-एक तो जगदीशपुर के दो व मुसाफिरखाना के तीन लोग शामिल हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद संक्रमित क्षेत्रों में बचाव कार्य शुरू करा दिया गया है। डीएम अरुण कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 3,307 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से 3,170 ठीक हो चुके हैं तो 31 की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 106 मरीज कोविड अस्पताल या होम आइसोशन में हैं, जिनका उपचार व निगरानी की जा रही है।