फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: छह गांवों में 88 बीघे गेहूं की फसल जली

Thu, 18 Apr 2024 03:17 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
आग को बुझाते ग्रामीण व सिपाही
विज्ञापन
सिंहपुर/ जामो (अमेठी)। तेज हवाओं के कारण बुधवार का दिन आग के कहर के नाम रहा। तीन थाना क्षेत्रों के छह गांवों में आग की घटना हुई। आग से 88 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जिससे 72 किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। हालांकि, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन, तब तक किसानों की उम्मीदें आग की भेंट चढ़ चुकी थी।
विज्ञापन


सिंहपुर क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर बहेंगी में बुधवार की दोपहर में अचानक गेहूं की फसल में आग लग गई। जब तक गांव के लोग पहुंचकर आग बुझाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। यहां पर आग के कारण तुंगनाथ, नरेंद्र, वीरेंद्र, दिनेश व नौखेड़ा गांव की रामकली की 10 बीघे गेंहू की फसल व 8 बीघे फसल अवशेष जलकर राख हो गया।
टेढ़ई गांव में भी दोपहर में गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवा चलने से आग धीरे-धीरे फैलती गई। इसके कारण राकेश यादव, भारत प्रसाद गुप्ता, गंगा प्रसाद गुप्ता की 10 बीघे गेहूं व 20 बीघे फसल अवशेष जल गया। गोयन गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग से तहरीम, मो. लईक और मो. जुम्मन की गेहूं की 7 बीघे खड़ी फसल जल गई। इसके अलावा 5 बीघे फसल अवशेष जलकर राख हो गया।
विज्ञापन

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की सहायता से आग पर काबू पाया गया। राजस्व कर्मियों का कहना है कि आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जा रही है।
जामो कस्बबे के रानीपुर मजरे बलभद्रपुर में बुधवार की दोपहर गेहूं के खेत में आग लग गई। यहां पर आग ने जमकर कहर बरपाया। आग पर काबू पाते तब तक राकेश मिश्र, मनीष, पुत्तन, करुणा शंकर, कृपाशंकर, लालजी तिवारी, भोला महाराज, अमर प्रसाद, अजय कुमार सहित कई किसानों की गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। यही नहीं आग ने लालपुर गांव के किसानों की गेहूं की फसल को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों गांवों के करीब 55 किसानों की 51 बीघे फसल जलकर राख हो गई। मौके पर राजस्व अधिकारियों को भेजा गया है।
बुधवार की शाम करीब चार बजे ग्राम पंचायत पंडरी पूरे भोला में गेहूं के खेत में आग लग गई। सूचना पर अग्निशमन दस्ता मौके पर पहुंचा लेकिन जब तक आग बुझाई जाती तब तक छह किसानों की 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।



ग्रामीणों के साथ सिपाहियों ने बुझाई आग
- जामो थाने के बलभद्रपुर में खेत में लगी आग को बुझाने में ग्रामीणों के साथ ही पुलिस कर्मियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। पुलिस कर्मियों के बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

इनसेट
तेज हवा से बढ़ी आग
- बुधवार को सुबह से ही हवा की रफ्तार तेज रही। ऐसे में खेतों में आग लगने के बाद हवा तेज चलने के कारण वह एक खेत से दूसरे खेत में तेजी के साथ फैलते हुए चली गई। ऐसे में जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक आग ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें