अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार जिले के 46,118 विद्यार्थी अपनी मेधा परखेंगे। परीक्षा के लिए जिले में 85 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से अंतिम सूची जारी होते ही परीक्षा तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। अब केंद्रों पर संसाधन जुटाने और नकलविहीन परीक्षा के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी है।
जिले में हाईस्कूल के 26,329 और इंटरमीडिएट के 19,356 नियमित परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनके अलावा 433 व्यक्तिगत परीक्षार्थी भी परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल के 106 और इंटरमीडिएट के 327 विद्यार्थी शामिल हैं। जिले में बनाए गए 85 केंद्रों में 17 राजकीय, 22 अशासकीय सहायता प्राप्त और 46 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार बैठने की व्यवस्था, फर्नीचर, पेयजल, शौचालय और बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर लगाए जाएंगे। परीक्षा कक्षों के साथ प्रवेश द्वार और स्ट्रांग रूम की निगरानी भी जरूरी होगी। उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए डबल लॉक व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।
डीआईओएस ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से पहले जरूरी सुविधाएं पूरी करने के निर्देश दिए जाएंगे।