गौरीगंज (अमेठी)। परिवहन विभाग के पास अमेठी डिपो में संचालित 18 रोडवेज बसों का 17 माह से अतिरिक्त कर नहीं जमा किया गया है। परिवहन विभाग ने एआरएम को नोटिस भेजकर बकाया 84 लाख रुपये जमा कराने को कहा है।
परिवहन विभाग की ओर से संचालित बसों का दो तरह का टैक्स जमा होता है। नई बस आने पर रोड टैक्स के रूप में एक मुश्त राशि जमा होती है। इसके बाद परिवहन निगम को बस की सीट के अनुसार प्रति माह अतिरिक्त कर जमा करना होता है। जिले का रोडवेज डिपो अमेठी से संचालित होता है।
यहां संचालित हो रहीं 18 बसों का 17 माह का अतिरिक्त कर बकाया है। एआरटीओ प्रशासन सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि निगम की 18 बसों का करीब 84 लाख रुपये का कर बकाया चल रहा है। बकाया कर राशि को जमा कराने के लिए कई बार एआरएम को पत्र भेजा जा चुका है। बावजूद इसके अब तक बकाया राशि जमा नहीं की गई है।
कहा कि कॉमर्शियल के अलावा सामान्य वाहनों का रोड टैक्स एक साथ जमा होता है। रोडवेज बसों का दो तरह का टैक्स जमा कराया जाता है। रोड टैक्स के रूप में अन्य से कम राशि जमा होती है। इसके एवज में उन्हें प्रतिमाह प्रत्येक बस की सीटों के अनुसार अतिरिक्त कर जमा करना होता है। बताया कि प्रति सीट 500 रुपये अतिरिक्त कर के रूप में जमा कराई जाती है।