जगदीशपुर (अमेठी)। पुलिस व वन विभाग की टीम ने रविवार देर रात निहालगढ़ स्टेशन मोड के पास से बाइक पर बोरे में भरकर ले जाए जा रहे 82 प्रतिबंधित कछुए बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्कर ने अलग-अलग तालाब व नदी से कछुआ पकड़कर पश्चिम बंगाल में बेचने की बात बताई है। बरामद कछुओं की कीमत 50 हजार आंकी गई है।
जगदीशपुर स्थित निहालगढ़ रेलवे स्टेशन मोड़ के पास रविवार की रात पुलिस व वन विभाग की टीम ने बाइक सवार जगदीशपुर थाने के गांधीनगर निवासी सुलतान को रोका। इस पर वह भागने लगा। टीम ने दौड़ाकर बाइक सवार को धर दबोचा। बाइक में बंधी बोरी व बैग की तलाशी में टीम को 82 प्रतिबंधित कछुए बरामद हुए। वन विभाग की टीम न्यायालय की अनुमति के लेकर कछुओं को नियमानुसार नदी में प्रवाहित करने की कोशिश में जुटी है। पुलिस ने तस्कर सुलतान के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं तस्कर
जिले में प्रतिबंधित कछुआ तस्करी का यह पहला मामला नहीं है। 19 दिसंबर को पीपरपुर पुलिस ने मालवाहक वाहन से 11 बोरे में 525 कछुआ बरामद किए गए थे। 10 जनवरी, 2017 को एसटीएफ की टीम ने जगदीशपुर के पास नौ हजार कछुए बरामद किए थे। तीन दिसंबर, 2017 को जीआरपी ने दून एक्सप्रेस से 505 कछुए बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया था। 24 जनवरी 2019 को पंजाब मेल से 298 कछुओं के साथ तीन तस्कर पकड़े गए थे। 29 जनवरी, 2020 को भी 195 कछुओं के साथ बेगमपुर एक्सप्रेस से आरपीएफ व जीआरपी की टीम ने तस्करों को पकड़ा था। 13 अगस्त, 2020 को 502 कछुओं के साथ एक तस्कर गिरफ्तार हुआ था। दो नवंबर को पुलिस और वन विभाग की टीम ने पिकअप वाहन से 25 लाख रुपये की कीमत के 1,167 कछुआ बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया था।