अमेठी सिटी। बेसिक शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता प्राप्त 75 निजी स्कूलों को बंद कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। खंड शिक्षा अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद जब स्कूल बंद नहीं हुए तो अब बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने भी अंतिम चेतावनी जारी करते हुए स्कूल का संचालन तत्काल रोकने को कहा है। स्पष्ट किया गया है कि स्कूल स्वेच्छा से बंद नहीं किए गए तो प्रशासनिक कार्रवाई के तहत उन्हें सील किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग ने नामांकन कम होने के कारण 117 परिषदीय विद्यालयों का विलय किया है। अब निजी क्षेत्र में मान्यता के बिना वर्षों से चल रहे स्कूलों पर शिकंजा कसना शुरू हुआ है। डीएम स्तर से गठित टीम जांच कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार जगदीशपुर में 13, शाहगढ़ व बाजारशुकुल में 10-10, भादर में नौ, गौरीगंज और मुसाफिरखाना में आठ-आठ, जामों में छह, भेटुआ में तीन, अमेठी, तिलोई और बहादुरपुर में दो-दो, संग्रामपुर व सिंहपुर में एक-एक स्कूल बिना मान्यता के संचालित हैं। खंड शिक्षा अधिकारियों की ओर से पूर्व में नोटिस भेजा गया था, लेकिन अधिकांश स्कूल अब भी खुले हैं। बीएसए ने साफ किया है कि अब विभाग स्वयं अभियान चलाकर ऐसे स्कूलों में ताले लगाएगा।
बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि जिले में 75 गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय चिह्नित हुए हैं। पहले खंड शिक्षा अधिकारियों ने नोटिस दिया, अब मेरी ओर से अंतिम चेतावनी जारी की गई है। यदि स्कूल बंद नहीं हुए तो विभागीय टीम ताले लगाएगी।