अमेठी। मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। वायरल बुखार की जद में एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद व जिला मलेरिया अधिकारी शेषधर द्विवेदी भी आ गए हैं। दो दिनों से बीमार अधिकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। इसके अतिरिक्त रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में आए 4464 मरीजों में 688 सिर्फ बुखार से पीड़ित मिले हैं। चिकित्सकों ने बदलते मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने को कहा है।
शनिवार को जिले में डेंगू से पहली मौत हुई है। हालांकि, रविवार को डेंगू का कोई नया मरीज नहीं मिला है लेकिन, वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बच्चे हो या बुजुर्ग हर कोई इस समय वायरल बुखार की चपेट में आ रहा है। जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईकज्जमा का कहना है कि ओपीडी में प्रतिदिन करीब 150 बच्चे आ रहे हैं, उसमें से 70 से 80 वायरल से प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों की सेहत को लेकर अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
सीएमएस डॉ. बीपी अग्रवाल का कहना है कि वायरल को देखते हुए अस्पताल में पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। चिकित्सकों की टीम लगाई गई है, जिससे मरीजों को कोई परेशानी न हो। बताया कि वर्तमान में जिला अस्पताल में डेंगू का कोई भी मरीज भर्ती नहीं है।
दो दिनों से हूं बीमार
- जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शेषधर द्विवेदी से बात की गई तो उनका कहना था कि वह खुद दो दिनों से वायरल की चपेट में है। डेंगू मरीजों की स्थिति के बारे में उन्होंने एक अन्य कर्मी से बात करने को कहा। एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद भी वायरल की चपेट में है। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह भी मान रहे हैं कि दोनों अधिकारी वायरल की चपेट में है। कहा कि बीमारियों के प्रकोप पर नियंत्रण का प्रयास किया जा रहा है।
आरोग्य मेले में बुखार का वार
जिले के 30 स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें कुल 4464 मरीज आए। इसमें 703 बच्चे भी शामिल थे। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वीके सरोज के मुताबिक मेले में सबसे ज्यादा 688 बुखार के मरीज आए। इसके अतिरिक्त 408 गैस, 409 डायबिटीज, चर्म रोग के 478 मरीज आए। इनका उपचार करके दवाओं का वितरण किया गया।
ताजा और पौष्टिक भोजन का सेवन करें
डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि वर्तमान मौसम को देखते हुए लोग ठंडा पानी न पीएं। शीतल पेय पदार्थों का सेवन करने से परहेज करें। बाजार में बने खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। सुबह शाम शरीर को ज्यादा ढंकने वाले कपड़े पहनें। वायरल संक्रमण होने पर खांसते व छींकते समय मुंह पर रुमाल या मास्क लगाएं। काट कर खुले में रखे फलों का सेवन न करें। वहीं यदि किसी व्यक्ति का स्वास्थ्य बिगड़ गया है तो वह डॉक्टर की सलाह लेकर दवा का सेवन करें।