फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: गैस के लिए लगी 600 मीटर लंबी लाइन

Fri, 10 Apr 2026 12:37 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
 अमेठी में कंधे व सिर पर सिलिंडर ले जाते उपभोक्ता। -संवाद
विज्ञापन
अमेठी। ककवा सड़क स्थित अस्थायी गैस सिलिंडर वितरण केंद्र पर सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को अव्यवस्था के कारण काफी परेशानी झेलना पड़ी। प्रकाश गैस एजेंसी पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बुकिंग सिलिंडर के वितरण के लिए यह व्यवस्था शुरू की थी। बृहस्पतिवार को अस्थायी केंद्र पर जुटी उपभोक्ताओं की भीड़ नियंत्रण से बाहर होने पर एक गेट से प्रवेश और दो गेट से निकास की व्यवस्था लागू करना पड़ी।
विज्ञापन



वितरण केंद्र पर सुबह से ही परची कटवाने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई थी। तेज धूप और उसम के बीच करीब 600 मीटर लंबी लाइन में लोग गैस सिलिंडर पाने की आस में घंटों डटे रहे। वितरण व्यवस्था में हुए बदलाव के बाद कई उपभोक्ताओं को खेतों के रास्ते ऊबड़-खाबड़ और कांटों भरे रास्ते से सिलिंडर के साथ डिलीवरी पॉइंट तक पहुंचना पड़ा। खासतौर पर महिलाओं को काफी परेशानी उठाना पड़ी।


अस्थायी वितरण केंद्र पर काउंटर कम होने और प्रबंधन शिथिल होने के कारण अव्यवस्था होने से बुजुर्गों और महिलाओं को सिलिंडर पाने में काफी दिक्कत उठाना पड़ी। लोगों ने अतिरिक्त काउंटर खोलने और बेहतर प्रबंधन की मांग की। स्थानीय लोगों ने बताया कि बुकिंग और डीएसी कोड के बाद भी सिलिंडर न मिलने से लोग परेशान हैं। इसी कारण बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर पाने की आस में अस्थायी केंद्र पर पहुंच गए।
विज्ञापन




प्रकाश एजेंसी ने की थी 5500 सिलिंडरों की बुकिंग
कार्रवाई के घेरे में आई प्रकाश गैस एजेंसी ने करीब 5500 उपभोक्ताओं के सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग की थी। कई उपभोक्ताओं के मामले में बुकिंग के बाद बिना सिलिंडर दिए डीएसी कोड लेकर पोर्टल पर वितरण भी दर्ज कर दिया गया। प्रशासन पहले चरण में बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को सिलिंडर देने की कवायद में जुटा है। इसके बाद अन्य उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान होगा।


जल्द शुरू होगा एजेंसियों से वितरण
डीएसओ शशिकांत ने बताया कि प्रकाश गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं को समीप की तीन अन्य एजेंसियों से संबद्ध किया गया है। साथ ही सुविधा के लिए अस्थायी वितरण व्यवस्था को भी लागू किया गया है। अधिक भीड़ के कारण कुछ परेशानी हुई। भरोसा दिलाया कि एक-दो दिन तक संबंधित एजेंसियों के माध्यम से बुकिंग सिलिंडरों का वितरण कार्य शुरू हो जाएगा। उपभोक्ताओं को पहले सूचना दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें