अमेठी सिटी। उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। 27 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए जिले में 12 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिन पर 5376 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा एक पाली में आयोजित होगी, जो सुबह 9:30 शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है। केंद्र व्यवस्थापक राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य या वरिष्ठ शिक्षकों को बनाया गया है, जबकि कक्ष निरीक्षक के रूप में प्रशिक्षित शिक्षकों की सूची तैयार कर ली गई है। सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ-साथ नोडल अधिकारी भी निगरानी रखेंगे।
पुलिस के पर्यवेक्षक दल सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए मोबाइल सचल दल भी सक्रिय रहेंगे, जो केंद्रों पर औचक निरीक्षण करेंगे। प्रत्येक केंद्र पर परीक्षार्थियों की बायोमीट्रिक पहचान की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीआईओएस ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अभ्यर्थियों को पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।