अमेठी। जिला प्रशासन की तमाम कोशिश के बावजूद जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। बुधवार रात मिली रिपोर्ट के बाद जिले में जहां कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 300 के पार पहुंच गई वहीं अब तक 1,313 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
रिपोर्ट में सिपाही व ब्लॉक कर्मी के साथ एक परिवार के चार सदस्य समेत 53 के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमितों के निवास व तैनाती स्थलों को सील कराते हुए सैनिटाइजेशन तथा बचाव कार्य शुरू कराने का आदेश दिया है।
कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए जिले का प्रशासनिक अमला खासा सतर्क है। बावजूद इसके जिले में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। संक्रमण पर नियंत्रण करने के लिए सैनिटाइजेशन व बचाव कार्य के साथ 31 अगस्त, एक व दो सितंबर को विभिन्न स्थानों से 1,287 संभावित संक्रमितों की जांच स्वास्थ्य विभाग ने की।
बुधवार रात मिली रिपोर्ट में 1,222 की रिपोर्ट निगेटिव, 12 सैंपल लीक व 23 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज तो 53 कोरोना संक्रमित मिले हैं। कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों में जामो थाने में तैनात एक सिपाही, भादर ब्लॉक का एक कर्मी तो बाजारशुकुल ब्लॉक के गणेशा राजपूत गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों के साथ अमेठी ब्लॉक के अलग-अलग गांव के 11, गौरीगंज ब्लॉक चार, शाहगढ़ के दो, बाजारशुकुल ब्लॉक के आठ, जगदीशपुर ब्लॉक के 15, भेटुआ, जामो व मुसाफिरखाना के तीन-तीन और तिलोई, बहादुरपुर व भादर ब्लॉक के एक-एक नागरिक शामिल हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित मिले मरीजों की मांग व सुविधा के अनुसार उनके उपचार का प्रबंध अस्पताल/होम आइसोलेट में करते हुए संक्रमित क्षेत्र को सैनिटाइज करने के साथ ही पहले से गठित टीमों को सक्रिय होकर बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।
डीएम के निर्देश पर गठित टीमों ने बृहस्पतिवार से संक्रमित के संपर्क मेें आए लोगों की पहचान करने के साथ ही सीमा सील कर सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू किया है। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 1,313 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से 1,001 ठीक हो चुके हैं तो छह की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 306 मरीज कोविड अस्पताल या होम आइसोलेट में हैं जिनका उपचार व निगरानी की जा रही है।