बाजारशुकुल के महोना पीएचसी में आयोजित आरोग्य मेले में मरीज क इलाज करती डॉक्टर। -संवाद
बाजारशुकुल। जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित हुआ। मेले में 1726 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया, जबकि गंभीर हालत वाले 53 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। अधिकांश मरीज बुखार, जुकाम, पेट दर्द और दस्त की शिकायत लेकर पहुंचे।
दोपहर 12:20 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महोना के ओपीडी कक्ष के बाहर मरीजों की कतार लगी थी। कोई परचा बनवा रहा था तो कोई दवा काउंटर पर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। मेले में डॉ. शमीम आशिया अजीजी मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करती मिलीं। इसी बीच महोना निवासी जगजीवन चिकित्सक के सामने पहुंचे और बोले कि डॉक्टर साहब... एक सप्ताह से बुखार, जुकाम और खांसी है। दवा लेने के बाद भी आराम नहीं मिला। चिकित्सक ने जांच लिखी और दवा उपलब्ध कराई।
इसी बीच पहुंचे महोना रामबहादुर ने कहा कि दो दिन से तेज बुखार है। जांच के बाद उन्हें दवा दी गई। उन्होंने बताया कि भीड़ थी, लेकिन ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ा। महोना निवासी राम पियारी ने कहा कि कमजोरी रहती है, बुखार भी आता है और पेट में दर्द है। चिकित्सक ने दवा देने के साथ पर्याप्त पानी पीने और समय पर दवा लेने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि दवा आसानी से मिल गई, अब आराम की उम्मीद है। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव और दखिनवारा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों का उपचार भी किया। उन्होंने बताया कि मेले में सभी कर्मचारी उपस्थित मिले।