अमेठी सिटी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की टंकी बनवा रही एक निजी कंपनी की 87 लाख रुपये की 48 हजार 604 टोंटी गोदाम से चोरी हो गई हैं। कंपनी के जिम्मेदारों की शिकायत पर एसपी ने मामले का संज्ञान लिया। मुंशीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जल निगम के तहत एक निजी कंपनी जिले के 133 गांवों में पानी की टंकी बनवा रही है। कंपनी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, टंकी बनवाने के लिए कंपनी द्वारा ठेकेदारों को सामान उपलब्ध कराया जाता है। यह सामान गौरीगंज के सुल्तानपुर रोड पर पुराने आरटीओ के पास स्थित कंपनी के ऑफिस के गोदाम में रखा था। वहां से जुलाई 2023 में यह सामान दूसरे गोदाम मुंशीगंज थाना क्षेत्र के दरपीपुर में स्थानांतरित किया गया था।
गोदाम से सामान स्थानांतरित होने के बाद जब ऑडिट किया गया तो कंपनी के जिम्मेदारों की नींद उड़ गई। जांच में कंपनी की 48 हजार 604 टोंटी कम पाई गईं। गायब इन टोंटियों की कीमत 87 लाख 48 हजार 720 रुपये बताई जा रही है।
कंपनी का यह सामान वाहनों से दूसरे गोदाम तक ले जाया गया था। टोंटी गायब होने का मामला संज्ञान में आने पर कंपनी के जिम्मेदारों ने एसपी से शिकायत की। जिसके बाद मुंशीगंज थाने में मामला दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर मुंशीगंज शिवनारायन सिंह ने बताया कि यह काफी पुराना मामला है। एक गोदाम से दूसरे गोदाम में सामान शिफ्टिंग के दौरान कंपनी का सामान गायब हुआ है। मामले की जांच चल रही है।