अमेठी। जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संचालित दैनिक अनुश्रवण पोर्टल पर 66 अफसरों के पास 424 शिकायतें लंबित पड़ी हैं। एडीएम ने ऑनलाइन समीक्षा की तो मामला प्रकाश में आया। एडीएम ने सभी को नोटिस जारी कर तत्काल शिकायतें निस्तारित कर जवाब देने को कहा है।
प्रदेश सरकार की ओर से शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए दैनिक अनुश्रवण प्रणाली पोर्टल का संचालन किया जाता है। पोर्टल पर कोई भी ऑनलाइन अपनी शिकायत मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, सचिव के साथ आयुक्त व डीएम के पास भेज सकता है।
शिकायतों की गुणवत्ता कायम रह सके इसके लिए लिए निगरानी के साथ प्रदेश स्तर पर प्रतिमाह रैकिंग की व्यवस्था है। शिकायतों के निस्तारण में जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए प्रयासरत एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने सोमवार को पोर्टल पर शिकायत निस्तारण की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान 66 अफसरों के स्तर पर 424 शिकायतें लंबित मिलीं। समयावधि बीत जाने के बाद डिफाल्टर की श्रेणी में पहुंचने से नाराज एडीएम ने सभी को शिकायतों की सूची के साथ नोटिस जारी किया है।
नोटिस में पोर्टल पर लंबित शिकायत का तत्काल गुणवत्ता पूर्ण ढ़ंग से निस्तारण करते हुए शिकायतकर्ता से संतुष्टि प्रमाण पत्र प्राप्त कर जवाब देने को कहा है। एडीएम ने पोर्टल पर शिकायत लंबित रहने तथा शिकायतों के लंबित रहने से जिले की रैकिंग प्रभावित होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।