अमेठी सिटी। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए तृतीय चरण की ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस चरण में 417 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है, जिन्हें निजी स्कूलों में निशुल्क शिक्षा का अवसर मिलेगा।
इस चरण में 906 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 450 आवेदनों का सत्यापन किया गया, जबकि 456 आवेदन विभिन्न कारणों से निरस्त कर दिए गए। सत्यापन के बाद योग्य पाए गए आवेदनों में से ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से 417 बच्चों का चयन किया गया। वहीं,37 छात्र-छात्राएं इस चरण में चयनित नहीं हो सके।
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निजी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। चयनित बच्चों को आरटीई अधिनियम के तहत निर्धारित मानकों के अनुसार प्रवेश दिलाया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि चयनित बच्चों के अभिभावकों को जल्द ही संबंधित स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए सूचित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में अब तक 6178 छात्र-छात्राओं के खातों में वित्तीय सहायता भेजी जा चुकी है, जिससे उनकी पढ़ाई में आर्थिक बाधा न आए। विभाग की ओर से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है।