अमेठी सिटी। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लोगों से 3.90 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाज ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट बनवाया और पीड़ितों को फर्जी जॉइनिंग लेटर थमा दिए। शिकायत पर मोहनगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
मोहनगंज थाना क्षेत्र के रस्तामऊ निवासी खुर्शीद खान ने तहरीर में बताया कि उसका भाई इजहार उर्फ मुंशीर लंबे समय से लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर रुपये ऐंठ रहा है। उसके खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि इजहार ने आधार कार्ड में कूटरचना कर पता बदल लिया और रस्तामऊ के स्थान पर अयोध्या के सराय मनौली का पता दर्ज करा लिया। इसी आधार पर उसने पासपोर्ट भी बनवा लिया।
ड़ितों के मुताबिक आरोपी ने पूरे भानी निवासी सुनील कुमार से 70 हजार रुपये, गुनैया निवासी राजू, मरदानपुर निवासी रवि कुमार, सिंदुरवा क्षेत्र के संजय और दुलारीनगर निवासी राजेश से 80-80 हजार रुपये वसूले। सभी को दुबई की एक पेट्रोलियम कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में दिए गए जॉइनिंग लेटर फर्जी निकले। रकम लेने के बाद आरोपी टालमटोल करता रहा। जब पीड़ित पैसा वापस मांगने पहुंचे तो जान से मारने की धमकी दी।
खुर्शीद ने बताया कि वह वर्ष 2016 से दुबई में कार्यरत है। आरोपी ने उसके नाम का भी गलत इस्तेमाल कर लोगों से पैसे लिए। विरोध करने पर उसे भी धमकी दी गई। इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।