गौरीगंज तहसील परिसर में बार काउंसिल चुनाव में मतदान के लिए कतार में खड़े अधिवक्ता। -संवाद
अमेठी सिटी। बार कौंसिल चुनाव के अंतर्गत गौरीगंज क्षेत्र के लिए तहसील परिसर स्थित मतदान केंद्र पर शुक्रवार सुबह मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन 380 अधिवक्ताओं ने वरीयता क्रम प्रणाली के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शनिवार को शेष अधिवक्ता मतदान प्रक्रिया में भाग लेंगे।
उत्तर प्रदेश बार कौंसिल के 25 सदस्य पदों के लिए प्रदेश भर में 333 अधिवक्ता उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव वरीयता क्रम प्रणाली से संपन्न हो रहा है। शुक्रवार सुबह से ही अधिवक्ताओं में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला। जिले में 750 अधिवक्ता मतदाता हैं, जिनमें से पहले दिन 380 मतदाताओं ने मतपत्र भरते समय अपनी पसंद के प्रत्याशियों को क्रमवार वरीयता दी।
मतदान के दौरान तहसील परिसर के भीतर और बाहर पुलिस बल तथा पीएसी की तैनाती रही। प्रवेश और निकास द्वारों पर कड़ी निगरानी की गई। मतदान कक्ष के आसपास भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित होने के बाद ही उन्हें मतदान की अनुमति दी गई। चुनाव प्रक्रिया के संचालन में निर्वाचन अधिकारियों के साथ बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष महेशचंद्र शुक्ल और महामंत्री रमाशंकर त्रिपाठी सक्रिय रहे।
वहीं सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पृथ्वीराज मिश्र और महामंत्री संतोष कुमार शुक्ला भी निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने में जुटे रहे। अधिवक्ताओं का कहना है कि बार कौंसिल चुनाव उनके अधिकारों और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए अधिक से अधिक मतदान जरूरी है। शनिवार को मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैलेट बॉक्स को सुरक्षा के बीच भेजा जाएगा। प्रदेश में सभी स्थानों पर मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना कराई जाएगी।