गौरीगंज (अमेठी)। जिले में कोरोना संक्रमितों की रविवार देर रात मिली जांच रिपोर्ट में अमेठी तहसील के मंधरपटी में एक ही परिवार के 15 सदस्य समेत 38 लोग पॉजिटिव मिले। रविवार को 28 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ भी हुए। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमित क्षेत्रों को सील करते हुए सैनिटाइजेशन व बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।
जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला जारी है। कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने की कोशिश में जुटे स्वास्थ्य विभाग ने 20, 21, 22 व 23 अगस्त को अलग-अलग स्थानों से 673 संभावित कोरोना संक्रमितों के सैंपल एकत्र किए। इनकी जांच के बाद रविवार रात रिपोर्ट जिला प्रशासन को मिली।
इसमें 580 लोग निगेटिव तो 38 कोरोना संक्रमित मिले। 55 लोगों का सैंपल लीक होने की बात भी रिपोर्ट में कही गई। साथ ही रविवार को 28 मरीज उपचार के बाद कोरोना संक्रमण से मुक्त भी हुए। प्रशासन को मिली रिपोर्ट में अमेठी तहसील के मंधर पटी गांव के एक ही परिवार के 15 सदस्य (एक पांच वर्षीय मासूम), अमेठी कोतवाली के एक सिपाही व इसी तहसील के पांच अलग-अलग गांव के एक-एक लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई।
सीएमओ कार्यालय का एक कर्मी, गौरीगंज नगर पालिका के अलग-अलग वार्ड के छह, जामो के चार, बाजार शुकुल ब्लॉक के दो तथा शाहगढ़ व मुसाफिरखाना ब्लॉक के एक-एक और जगदीशपुर सीएचसी का एक कर्मी और अलीनगर की एक बुजुर्ग महिला कोरोना संक्रमित मिली।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमित मरीजों के उपचार का प्रबंध सुनिश्चित करते हुए संक्रमित क्षेत्र को सील कर मजिस्ट्रेट की अगुवाई में टीम गठित कर सैनिटाइजेशन के साथ बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है। डीएम के निर्देश पर सक्रिय टीम ने सोमवार को संक्रमित क्षेत्र में सैनिटाइजेशन के साथ संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर सैपलिंग कार्य शुरू कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर रविवार रात सार्वजनिक किए गए आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 992 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। संक्रमितों में पांच की मौत हो चुकी है तो 774 उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 213 है।
बैंक कर्मी के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर कामकाज ठप
बल्दीराय। क्षेत्र के हलियापुर में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में कार्यरत एक लिपिक की लखनऊ में हुई जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर बैंक में जमा-निकासी का काम बंद कर दिया गया। शाखा प्रबंधक अभिनव उत्तम ने बैंक को सैनिटाइज कराया। उनका कहना कि बैंक शाखा में कार्यरत कर्मचारियों की कोरोना जांच करवाई गई है। रिपोर्ट निगेटिव आने पर मंगलवार से बैंक में कामकाज शुरू कर दिया जाएगा।