अमेठी सिटी। जिले की सभी 30 पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 2721 मरीजों का परीक्षण कर इलाज किया गया। गंभीर मिले 36 मरीजों को सीएचसी रेफर किया गया। वहीं, मेले में आए आयुष्मान पात्रता सूची व 70 वर्ष आयु वर्ग के बुजुर्गों के 53 आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
गौरीगंज सीएचसी के जेठू मवई स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. पीतांबर कनौजिया की मौजूदगी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। सुबह करीब 10:35 बजे मेले में फार्मासिस्ट कंतलाल गौड़, एएनएम कल्पना, रितू, एलए अखिलेश तिवारी, वार्ड बॉय विजय प्रकाश शुक्ल, अजय व चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार मौजूद थे। सीएचओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा व अन्य कर्मी मेले से नदारद थे। उस समय तक मेले में करीब 10 मरीजों का इलाज और दो मरीजों की जांच हुई थी।
मेले में इलाज कराने पहुंचे मेदन मवई निवासी कृष्ण मुरारी ने चिकित्सक को बताया कि साहब... करीब दो माह से गठिया रोग से परेशान हैं। पैर की गांठ में लगातार दर्द की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा अब गैस की भी दिक्कत है। दवा खाने के बाद आराम मिल रहा है, लेकिन जैसे ही दवा का असर कम होता है, दर्द बढ़ जाता है। कहा कि कोई बढि़या दवा दीजिए, जिससे आराम मिल जाए। हरिकंदपुर निवासी बुजुर्ग दुर्गा प्रसाद ने बताया कि बीते एक सप्ताह से गैस व पेट दर्द की समस्या है। दवा खाने के बाद कुछ आराम मिल जाता है। उसके बाद वही स्थिति हो जाती है। चिकित्सक ने खानपान में सावधानी बरतने की सलाह देते हुए दवा दी।
हरिकंदपुर निवासी मंगला देवी ने बताया कि बीपी के साथ ही यूरिन में भी समस्या है। चिकित्सक ने जांच कराने की सलाह देते हुए दवा दिलाई। बुजुर्ग मरीज दुर्गावती ने बताया कि बीपी की समस्या काफी दिनों से है। दवा खाने के बाद भी आराम नहीं मिल पा रहा है। चिकित्सक ने सावधानी बरतने के साथ ही दवा बदली। पराग तिवारी का पुरवा निवासी देवमती ने बताया कि साहब... कमजोरी के साथ चक्कर आ रहा है। चलने व काम करने में दिक्कत हो रही है। चिकित्सक ने परीक्षण कर दवा दी। वहीं, जिले के अन्य पीएचसी पर आयोजित मेले में चिकित्सकों ने मरीजों का उपचार कर उन्हें विभिन्न बीमारियों के प्रति सावधानी बरतने आदि को लेकर जागरूक किया।