अमेठी। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिश के बावजूद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में अचानक बढ़ोत्तरी होने लगी है। बुधवार रात जहां 55 संक्रमित मिले थे वहीं बृहस्पतिवार रात आई रिपोर्ट में भी 36 संक्रमित पाए गए। 100 के नीचे पहुंची संक्रमितों की संख्या दो दिन में बढ़कर 171 हो गई है।
जिले में पिछले दो दिनों से कोरोना संक्रमितों की संख्या में अचानक बढ़ोत्तरी होने लगी है। मंगलवार तक आ रही रिपोर्ट में संक्रमितों की गणना इकाई में पहुंच गई थी। बुधवार रात आई रिपोर्ट में जहां 55 संक्रमित मिले वहीं बृहस्पतिवार रात आई 1,589 सैंपलों की रिपोर्ट में 36 पॉजिटिव पाए गए।
पॉजिटिव मिले लोगों में अकेले गौरीगंज ब्लॉक क्षेत्र के 18 मरीज हैं। मिली रिपोर्ट के अनुसार गौरीगंज ब्लॉक के विभिन्न गांवों के 18, शाहगढ़ ब्लॉक के तीन, अमेठी ब्लॉक के छह, संग्रामपुर, भादर व तिलोई ब्लॉक के एक-एक तथा भेटुआ, जगदीशपुर व बहादुरपुर ब्लॉक के दो-दो स्थानीय नागरिक शामिल हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित क्षेत्र में गठित टीम को बचाव कार्य शुरू करने का आदेश दिया है। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 3,186 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमें से उपचार के बाद 2,985 सही हो चुके हैं।
संक्रमित मरीजों में 30 की मौत हो चुकी है तो वर्तमान में 171 मरीज अस्पताल व होम आइसोलेट हैं। डीएम ने जिलावासियों से अनावश्क रुप से घरों से बाहर नहीं निकलने तथा बहुत ही जरूरी होने पर मास्क लगाने तथा सोशल डिस्टेंस का पालन करने की अपील की है।