अमेठी। महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा की सुविधा मुहैया कराने के लिए अमेठी डिपो से 35 बसों का संचालन महाकुंभ में किया जाएगा। बसों को प्रयागराज में रोकने के लिए दो बस स्टॉपेज व एक चेकपोस्ट बनाया गया है। यात्री वहां पहुंच कर अमेठी डिपो की बसें पकड़ कर घर आ सकते हैं।
प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाले महाकुंभ में बड़ी संख्या में जिले के लोग प्रयागराज जाएंगे। इस दौरान अमेठी-प्रयागराज रूट पर यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। वर्तमान समय में अमेठी डिपो के बेड़े में करीब 45 बसें हैं। इनमें अभी तक दो बसों का संचालन प्रयागराज के लिए कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अमेठी डिपो से महाकुंभ में 35 बसों का संचालन प्रयागराज के लिए किया जाएगा। इससे जिले से जाने वाले श्रद्धालुओं को महाकुंभ में संगम स्नान करने में सुविधा मिलेगी। महाकुंभ की शुरुआत पौष पूर्णिमा स्नान के साथ होती है, जो कि 13 जनवरी को है। वहीं महाशिवरात्रि के दिन 26 फरवरी को अंतिम स्नान के साथ कुंभ पर्व का समापन होगा। अमेठी डिपो से 18 बिंदुओं पर जांच के बाद ही बसों को प्रयागराज के लिए भेजा जाएगा। महाकुंभ के दौरान चालक-परिचालक वर्दी के साथ ही नेम प्लेट व जूतों में ड्यूटी करने, यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करने की हिदायत दी गई। रोडवेज से चलने वाली सभी बसों में महाकुंभ मेला-2025 का लोगो लगाया गया है। इससे महाकुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बसों की पहचान आसानी से हो जाएगी।
इनसेट
पांच शाही स्नान पड़ेंगे
महाकुंभ में पांच शाही स्नान भी निर्धारित हैं। इसमें 14 जनवरी को मकर संक्रांति, 29 को मौनी अमावस्या, तीन फरवरी को बसंत पंचमी, 12 फरवरी को माघी पूर्णिमा व 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का स्नान शाही स्नान माना जाता है।
कोट-
श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि अमेठी डिपो से प्रयागराज के लिए 35 बसों का संचालन किया जाएगा। डिपो के स्तर से अन्य तैयारियों को पूरा कराया जा रहा है, जिससे कुंभ में आने-जाने वाले भक्तों को किसी भी स्तर पर परेशानी का सामना न करना पड़े। अमेठी डिपो के प्रयागराज में एक चेकपोस्ट तो दो अस्थाई बस स्टापेज बनाए गए हैं। पहला स्टापेज झूंसी में तो दूसरा बेला कछार में बनाया गया है। वहां जिले का नाम अंकित रहेगा। कुंभ में जिले के यात्री दोनों स्टापेज पर पहुंच कर अमेठी डिपो की बस में बैठकर अमेठी आ सकते हैं।