अमेठी सिटी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में एक विषय में फेल परीक्षार्थियों की गौरीगंज स्थित जीजीआईसी में 20 जुलाई को इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट परीक्षा होगी। इसमें जिले कुल 336 परीक्षार्थी शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग परीक्षा की तैयारियों में जुटा है।
यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम 20 अप्रैल को जारी हुआ था। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद बोर्ड मुख्यालय ने कम अंक पाने वाले छात्रों को कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए 31 मई तक आवेदन मांगे थे। इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए हाईस्कूल के उन विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जो एक विषय में अनुत्तीर्ण थे या किसी विषय में नंबर कम थे। कंपार्टमेंट के लिए उन विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जो दो विषय में अनुत्तीर्ण थे। जिले से हाईस्कूल के लिए कुल 163 विद्यार्थियों और इंटर के लिए 173 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। यूपी बोर्ड ने परीक्षा की तिथि 20 जुलाई निर्धारित कर दी है। साथ ही डीआईओएस को परीक्षा केंद्र बनाने का निर्देश दिया गया है। डीआईओएस ने छात्रों की संख्या को देखते हुए गौरीगंज स्थित जीजीआईसी को परीक्षा केंद्र बनाया है। इसके साथ ही आंतरिक मूल्यांकन और प्रयोगात्मक परीक्षा कराने के लिए 15 और 16 जुलाई की तिथि निर्धारित की गई है। सचिव का निर्देश मिलने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग परीक्षा की तैयारियों में जुटा है।
नकलविहीन होगी परीक्षा
डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि बोर्ड मुख्यालय से तिथि जारी होने के बाद परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 20 जुलाई को प्रथम पाली की परीक्षा सुबह आठ बजे से 11:15 बजे तक होगी, जिसमें हाईस्कूल और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी, जिसमें इंटर के परीक्षार्थी शामिल होंगे। कैमरे की निगरानी के साथ केंद्र पर स्टेटिक व जोनल मजिस्ट्रेट व वाह्य केंद्र व्यवस्थापक नामित किए जा रहे है। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।