गौरीगंज (अमेठी)। दैनिक अनुश्रवण प्रणाली पोर्टल पर सांसद संदर्भित शिकायतों का समय से निस्तारण नहीं कराने पर जिले के 32 अफसरों को डीएम ने नोटिस जारी किया है। नोटिस में शिकायतों को तत्काल निस्तारित करने तथा पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया है।
सांसद/केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की ओर से आयोजित ई-चौपाल के साथ दैनिक अनुश्रवण प्रणाली पोर्टल पर शिकायत प्राप्त कर निस्तारित की जा रही है। सांसद संदर्भित शिकायतों के साथ पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निरस्ताण के लिए डीएम अरुण कुमार ने समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान जिले के 32 अफसरों के साथ बड़ी संख्या में संदर्भित शिकायतें लंबित मिलीं। शिकायतों के निस्तारण में बरती जा रही लापरवाही से नाराज डीएम ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में लंबित शिकायतों का गुण-दोष के आधार पर निस्तारण करने, शिकायतकर्ता से संतुष्टि प्रमाण पत्र प्राप्त कर पोर्टल पर अपलोड करने को कहा है।
डीएम ने शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बरतते हुए समय से शिकायत निस्तरित कर जिले को प्रथम स्थान दिलाने में सहयोग करने को कहा है। डीएम ने भविष्य में पोर्टल पर शिकायतें लंबित रहने तथा निस्तारित शिकायतों के मामले में शिकायतकर्ता के संतुष्ट नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।