अमेठी सिटी। विकास भवन के पास स्थित मैदान में बुधवार को 308 जोड़ों का विवाह होगा। बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही वर-वधू को प्रवेश मिलेगा। दो बार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह की तिथियां स्थगित होने के बाद आखिरकार अब यह योजना अमली जामा पहनने जा रही है। मंगलवार को चिह्नित कार्यक्रम स्थल पर अफसरों संग कर्मी आयोजन की तैयारियों में लगे दिखे।
प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी शेर बहादुर ने बताया है कि कार्यक्रम की जिम्मेदारी जब उन्हें मिली तो उन्होंने ब्लॉकवार फिर से आवेदनों को सत्यापन पहले आओ पहले पाओ के तहत कराया। बताया कि ब्लॉक व जिला स्तर से सत्यापन कराया गया। सिर्फ जितना लक्ष्य मिला है, उसी के सापेक्ष जोड़ों को चिह्नित किया गया है। इन सभी जोड़ों का विवाह पूर्ण विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा। सभी पात्र जोड़ों को सूचना फोन से दी गई है।
कहा कि सुबह सात बजे से निर्धारित स्थल पर चयनित पात्र जोड़ों का बायोमीट्रिक सत्यापन किया जाएगा। सभी पात्र जोड़ों से विशेष अपील की गई है कि वे समय पर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित हों। बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।