अमेठी। कोरोना संक्रमण की रफ्तार जिले में कम नहीं हो रही है। बृहस्पतिवार रात संकलित रिपोर्ट में एचएएल कोरवा कॉलोनी में एक परिवार के तीन लोगों समेत 29 स्थानीय नागरिकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन संक्रमितों के उपचार व संक्रमित क्षेत्र को संक्रमण मुक्त बनाने की कोशिश में जुटा है।
पांच मई से प्रवासी श्रमिकों के कोरोना संक्रमित होने का सिलसिला जिले में सामुदायिक संक्रमण का रूप ले रहा है। जिला प्रशासन की तमाम कोशिश व जागरूकता के बावजूद संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलग-अलग स्थानों पर ट्रूनॉट, एंटीजन व रैपिड टेस्ट के लिए चार दिनों में 1,414 लोगों की सैंपलिंग की गई थी।
बृहस्पतिवार रात संकलित रिपोर्ट में 1,385 निगेटिव तो 29 पॉजिटिव मिले। रिपोर्ट में एचएएल कोरवा व बाजार शुकुल ब्लॉक के एक गांव में एक ही परिवार के तीन-तीन सदस्यों के साथ जामो व भेटुआ ब्लॉक में छह-छह, तिलोई, अमेठी, जगदीशपुर व भादर ब्लॉक में दो-दो, गौरीगंज व बाजार शुकुल ब्लॉक में चार-चार तथा मुसाफिरखाना ब्लॉक में एक स्थानीय नागरिक कोरोना संक्रमित हुआ है।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने गठित सर्विलांस टीम को सक्रिय करते हुए संक्रमितों के संपर्क मेें आए लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग व क्षेत्र को संक्रमण मुक्त बनाने का निर्देश दिया है। आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब तक 2,384 लोग संक्रमित हो चुके हैं जिनमें 19 की मौत हो चुकी है। 2,077 उपचार के बाद सही हो चुके है। वर्तमान में 288 संक्रमितों का उपचार उनके स्वास्थ्य व मांग के अनुसार होम आइसोलेट या अस्पताल में भर्ती कर किया जा रहा है।