अमेठी सिटी/जगदीशपुर। जिले के सभी 30 पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में 2857 मरीजों का परीक्षण कर इलाज किया गया। गंभीर मिले 16 मरीजों को सीएचसी रेफर किया गया। वहीं, मेले में आए 46 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
जिले के जगदीशपुर सीएचसी क्षेत्र स्थित थौरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला लगा। मेले में करीब तीन बजे वार्ड बॉय रोहित और स्टॉफ नर्स संविदा मधुमिता, स्वीपर रमेश मौजूद मिले। पीएचसी पर न तो चिकित्सक और न ही फार्मासिस्ट मौजूद मिले। ऐसे में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जबकि यहां पर डॉ. इला सिंह, फार्मासिस्ट दिनेश मौर्या, सीएचओ कोई भी मौजूद नहीं था।
इसी सीएचसी क्षेत्र के रानीगंज पीएचसी में डॉ. पूनम की मौजूदगी में मेले का आयोजन हुआ। करीब 12.30 बजे मेले में सन्नाटा दिखा। फार्मासिस्ट मनोज मिश्र नदारद मिले। मेले में लैब टेक्नीशियन शशि भूषण, वार्ड बॉय राजबीर, स्टॉफ नर्स संविदा शर्मीला मौर्या मौजूद मिले। मेले में एचआईवी, बीडीआरएल किट नहीं थी। वहीं, हेल्थ एटीएम मशीन की जांच किट भी नहीं थी।
मेले में पहुंचीं कोटवा थौरी निवासी वासिदा बेगम ने बताया कि कई दिन से पेट दर्द व गैस की समस्या है। दवा लेने के बाद आराम नहीं मिला। आज मेले में चिकित्सक ने जांच कराने के बाद दवा दी है। वहीं, रानीगंज की शेष कुमारी ने बताया कि साहब... रक्तचाप से आराम नहीं मिल रहा है। दवा खाने के बाद भी दिक्कत हो रही है। चिकित्सक ने जांच कराते हुए दवा बदलने के साथ ही परहेज करने की सलाह दी। बुजुर्ग अब्बास अली ने बताया कि कई दिनों से जुकाम और बुखार है। बाहर से दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिल पा रहा है। चिकित्सक ने दवा देने के साथ ठंड से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी।
हलियापुर डोभियारा निवासी रुकसार बानो ने चिकित्सक को बताया कि कई दिनों से पेट में दर्द है। गैस की भी समस्या है। चिकित्सक ने दवा बदलते हुए खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी। पीएचसी पर आयोजित मेले में टीबी की जांच भी की गई। पीएचसी पर लगे आरोग्य मेलों में मौजूद चिकित्सकों ने संचारी रोग, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, बुखार के प्रति लोगों को जागरूक किया।
सीएमओ ने किया निरीक्षण
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने रविवार दोपहर शाहमऊ पीएचसी पर लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां पर कुल 78 मरीज देखे गए थे। वहीं 34 मरीजों की जांच की गई थी। निरीक्षण के दौरान मेले में सभी कर्मी मौजूद मिले।