अमेठी सिटी। जिले के सभी 30 पीएचसी में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 2574 मरीजों का इलाज किया गया। 25 गंभीर मरीजों को सीएचसी रेफर किया गया, साथ ही 64 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। हालांकि जन आरोग्य मेले की ड्यूटी में लगे चिकित्सक व कई कर्मी नदारद रहे।
जिले के गौरीगंज सीएचसी क्षेत्र स्थित सैंठा पीएचसी में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में करीब 10:45 बजे चिकित्सक नदारद दिखे। वहीं, मेला डूयटी में लगे फार्मासिस्ट प्रमोद मौर्य, स्टाफ नर्स प्रतिभा, एलटी सूर्यभान कुशवाहा, सहायिका मझिला व जगदीश प्रसाद सुबह 10 बजे मौजूद मिले।
एएनएम रीना पांडेय व बविता मिश्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ममता गुप्ता करीब 10:32 बजे मेला ड्यूटी में पहुंचीं। 10:45 बजे तक फार्मासिस्ट प्रमोद मौर्य ने 15 मरीजों को देखकर उन्हें दवा दी थी। वहीं, लैब टेक्नीशियन ने पांच मरीजों की जांच की थी। चिकित्सक के नहीं होने पर कई मरीज तो लौट गए तो कई मरीज बरामदे में बैठकर इंतजार करते दिखे।
मेले में पहुंची सैंठा गांव निवासी बुजुर्ग पार्वती ने बताया कि कमजोरी, कमर दर्द व आंख की समस्या से परेशान हैं। अभी तक चिकित्सक नहीं आए हैं। मरीज राहुल ने बताया कि खांसी कई दिनों से आ रही है। आराम नहीं मिल रहा है। दोनों ने बताया कि फार्मासिस्ट ने दवा दी है।
सैंठा गांव निवासी रंजीत सिंह ने बताया कि शुगर से आराम नहीं मिल रहा है। वहीं बुजुर्ग मरीज बाबूलाल ने बताया कि खांसी, बुखार से वह पीड़ित हैं। आभा सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण बीमार हो गई हैं। डॉक्टर का इंतजार कर रही थीं, फार्मासिस्ट से दवा लेकर जाना पड़ रहा है। इसके साथ ही सभी पीएचसी पर मौजूद चिकित्सकों ने फाइलेरिया, बुखार आदि से बचने को लेकर लोगों को जागरूक किया।