गौरीगंज (अमेठी)। गरीब परिवार की पुत्री के विवाह में आर्थिक मदद देने के लिए संचालित व्यक्तिगत शादी-विवाह अनुदान योजना को शासन ने बंद कर दिया है। बजट आवंटित होने के बावजूद योजना बंद होने से वित्तीय वर्ष में राशि का इंतजार कर रहे 2551 लाभार्थियों को अब इसका लाभ नहीं मिल सकेगा।
योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को सात तो पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग को 43 लाख तथा समाज कल्याण विभाग को अनुसूचित जाति के लिए 40 लाख व सामान्य वर्ग के लिए 20 लाख रुपये का बजट भी आवंटित किया गया। पुत्री का विवाह करने के बाद अल्पसंख्यक वर्ग के 380 लोगों ने आवेदन किया जिनमें 104 लोग पात्र मिले।
इसी तरह पिछड़ा वर्ग में 1250 लोगों में से 350 आवेदन जांच के बाद पात्र मिले। अनुसूचित वर्ग के 487 आवेदनों में 320 पात्र तो सामान्य वर्ग में 434 में 194 लोग पात्र मिले। पात्रों को विभाग अनुदान राशि का भुगतान करता इसके पहले ही शासन ने योजना बंद करने का निर्देश जारी कर दिया।
समाज कल्याण अधिकारी आरके शर्मा ने बताया कि व्यक्तिगत विवाह योजना के बंद होने के बाद मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत ब्लॉक या कार्यालय में पात्र परिवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद शासन की ओर से कार्यक्रम के अनुसार विवाह कराते हुए आर्थिक अनुदान पुत्री के खाते में अंतरित करते हुए परिवार को आयोजन के खर्च से निजात दिलाई जाएगी। (संवाद)