बाजार शुकुल। दक्खिन गांव क्यार निवासी प्रदीप कुमार ओझा का एटीएम कार्ड बदलकर उचक्कों ने उनके बैंक खाते से 25,050 रुपये पार कर दिए। मोबाइल पर रुपये मेसेज आने पर उन्हें ठगी की जानकारी हुई। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
प्रदीप के अनुसार, किसी व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उनका बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद 22 अगस्त को दोपहर 1:14 बजे रानीगंज स्थित किसान सेवा केंद्र से कार्ड स्वाइप कर 10 हजार रुपये निकाल लिए। दो मिनट बाद उसी स्थान से 6,050 रुपये की निकासी हुई। 23 अगस्त को दोपहर 3:38 बजे एटीएम से नौ हजार रुपये और निकाल लिए गए।
लगातार निकासी के मेसेज आने पर प्रदीप को खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। बैंक से लेनदेन का विवरण और सीसीटीवी फुटेज जुटाया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।