अमेठी सिटी। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला रविवार को जिले की सभी 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुआ। इसमें 2468 मरीजों का परीक्षण कर उपचार किया गया। इस दौरान 25 गंभीर मरीजों को बेहतर देखभाल के लिए सीएचसी रेफर किया गया।
महोना पीएचसी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शमीम आसिया अजीजी की निगरानी में मेला आयोजित हुआ। यहां फार्मासिस्ट प्रदीप कुमार, एलए अशोक गौतम सहित अन्य स्टाफ तैनात रहा। सुबह 12:02 बजे तक कुल 35 मरीज पहुंचे, जिनमें से 10 की जांच की गई। मेले में पहुंचे हियात वैश्य गांव निवासी बुजुर्ग अलीम ने बताया कि कई दिनों से उन्हें पेट में दर्द के साथ गैस की समस्या बनी हुई है। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दवा देने के साथ खानपान में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पूरे बदई गांव निवासी सुनीता ने बताया कि कई दिनों से जुकाम, खांसी, बुखार आ रहा है। घरेलू उपचार किया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। चिकित्सक ने परीक्षण के बाद दवा देकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। महोना गांव निवासी साधना ने बताया कि बीपी की समस्या के साथ कई दिनों से बुखार आ रहा है। चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें खानपान में परहेज और नियमित दवा लेने की सलाह दी है।
महोना पूरब गांव निवासी श्यामा देवी ने बताया कि कई दिनों से जुकाम खांसी की समस्या बनी हुई है। चिकित्सक ने दवा देने संग सावधानी बरतने की सलाह दी है। मेले में मलेरिया, फाइलेरिया और वायरल संक्रमण से बचाव की जानकारी भी दी गई। सभी पीएचसी में स्वास्थ्यकर्मियों ने संचारी रोगों से जुड़ी सावधानी व रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।
सीएमओ ने किया निरीक्षण
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने रविवार को फूला, सरेसर, नेवादा, नंदमहर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मेले में मरीज की संख्या कम दिखी। सीएमओ ने मौजूद प्रभारी व कर्मियों को मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने व बेहतर सेवाएं प्रदान करने का निर्देश दिया।