जामो (अमेठी)। जिले के जामो ब्लॉक के गांव पूरे सुब्बा पांडेय मजरे रामशाह नाऊपुर के एक दंपती का दावा है कि उनके 24 वर्षीय पुत्र रमजान की लंबाई प्रदेश में सबसे कम है। मां-बाप की गोद में घूमने वाले रमजान की लंबाई मात्र 25 इंच है। दंपती ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
रामशाह नाऊपुर गांव निवासी सिराज अली व शहीदन के पुत्र रमजान का जन्म एक जनवरी 1997 को हुआ था। इस खुशी पर मोहल्ले में मिठाई बांटी गई। परिजनों ने बेटे का नाम रमजान अली रखा। धीरे-धीरे रमजान अली पांच साल का हुआ, लेकिन लंबाई कुछ खास नहीं बढ़ी।
हालांकि, घरवालों ने भी उस समय इस पर ध्यान नहीं दिया। समय बीतता गया और अब रमजान की आयु 24 साल हो गई। फिर भी रमजान की लंबाई मात्र 25 इंच ही है। लंबाई कम होने की वजह से रमजान अक्सर अपने मां-बाप की गोद में घूमते नजर आ जाते हैं।
सिराज के रिश्तेदार व करीबियों को छोड़कर अन्य लोग उन्हें तीन-चार साल का बच्चा समझते हैं। सिराज बताते हैं कि रमजान अली का आधार कार्ड भी बना है। मां-बाप का दावा है कि रमजान अपनी उम्र के प्रदेश के सबसे कम लंबे व्यक्ति हैं।
परिवार को सहायता की दरकार
रमजान के पिता सिराज अली के मुताबिक उनके पास मात्र आठ बिस्वा भूमि है। खेती कर किसी तरह घर का खर्च चलाते हैं। सरकार से उन्हें प्रधानमंत्री आवास व प्रसाधन मिला है। पेंशन भी मिलती है। हालांकि उनके पुत्र को अब तक कोई सहायता नहीं मिली।
शारीरिक विकास न होने की वजह से रमजान परिवार के भरोसे हैं। सिराज ने कहा कि रमजान को सरकार से मदद चाहिए। उसके लिए खाने व रहने की व्यवस्था की जाए। रमजान तीन भाई हैं। रमजान के बड़े भाई गुलशन व शहरयार दूसरे राज्य में प्राइवेट नौकरी कर अपना परिवार पालते हैं।