गौरीगंज/अमेठी/जगदीशपुर। क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में 22 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों हायर सेंटर रेफर कर दिया। अधिकांश दुर्घटनाएं होली के दिन हुईं।
स्थानीय थाना क्षेत्र के तुलसीपुर निवासी लालभान रविवार को बाइक से घर जा रहे थे। पूरब गांव बाजार के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और वे घायल हो गए। अमेठी के कटरा हुलासी गांव निवासी अरुण कुमार सोमवार शाम बाइक से अपनी पत्नी सुनीता के साथ जामो जा रहे थे।
दंपती गौरीगंज के दयालापुर गांव के समीप पहुंचे ही थे कि किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दंपती को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। होली के दिन मंगलवार को लखियापुर निवासी रामलाल यादव सुभावतपुर मोड़ पर खड़े थे।
इसी बीच पीछे से आए बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में वे घायल हो गए। नरौली निवासी रामराज कलेक्ट्रेट मोड़ के समीप बाइक समेत पलटकर घायल हो गए। पचेहरी निवासी मनोज कुमार द्विवेदी व राघवेंद्र सिंह अठेहा मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर अनियंत्रित होकर गिर पड़े और घायल हो गए।
रौजा निवासी राजेश गिरि व सगुन श्रीवास्तव जामो रोड स्थित पंडित का पुरवा के पास बाइक समेत गिरकर घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज हुआ। जगदीशपुर में होली के दिन हुए सड़क हादसों में कोछित निवासी सुदर्शन सिंह, सत्थिन निवासी संगीता, राकेश कुमार, जगरानी, दिलीप, विनोद कुमार, कस्बा निहालगढ़ निवासी संजीत कुमार, सुबेहा निवासी अफसर जहां, शुभम, जगदीशपुर निवासी कपिल व गढ़ी लाल शाहपुर निवासी गंगा शरण घायल हो गए।
सभी घटनाएं बाइक से हुईं। सभी को स्थानीय लोगों व एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया जहां इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर सभी घायलों को घर जाने की अनुमति दे दी गई। कोतवाली अमेठी के गांव कटरा राजा हिम्मत सिंह निवासी बब्लू यादव, शैलेंद्र कुमार के साथ मंगलवार को बाइक से शहर की ओर जा रहे थे। ककवा मार्ग पर अचानक बाइक अनियंत्रित होने से दोनों सड़क किनारे गिर गए जिसमें वह घायल हो गए। अस्पताल पहुंचाने पर चिकित्सकों ने बब्लू की हालत गंभीर देख हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सड़क हादसे में नौ जख्मी
मुसाफिरखाना। वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राज मार्ग स्थित पूरे प्रेमशाह गांव के समीप रविवार रात एक कार सड़क पर पहले से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। इस दुर्घटना में कार सवार मनीष सिंह और उनका साथी सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंगलवार को अलग अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में रमेश कुमार कश्यप, लवकुश, सत्यम, कृपा शंकर, संतोष, इरशाद, रईस घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी लाया गया जहां उनका इलाज किया गया।