कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम प्रधान को महात्मा गांधी का चित्र देती डीएम निशा अनंत। -सूचना विभाग
अमेठी सिटी। विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य में जिले में टीबी मुक्त 214 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। डीएम निशा अनंत और सीडीओ सूरज पटेल ने प्रशस्ति पत्र और महात्मा गांधी का चित्र देकर सम्मानित किया। पांच निक्षय मित्रों को भी सम्मानित किया गया।
डीएम ने ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में शासकीय योजनाओं का बेहतर ढंग से क्रियान्वन करें और जन सामान्य को जागरूक करते हुए पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करें। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि जिले में 682 ग्राम पंचायतों में से 214 को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि टीबी की जांच के उपरांत धनात्मक पाए गए सभी क्षय रोगियों को उपचार अवधि में निक्षय पोषण योजना के तहत 1000 रुपये प्रति माह की दर से धनराशि दी जाएगी।
बताया कि अब तक 2360 टीबी मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं। 2390 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। सैदपुर के ग्राम प्रधान अशोक शुक्ल ने कहा कि टीबी व अन्य बीमारियों के खिलाफ प्रयास जारी रहेगा। वहीं पंचायतीराज विभाग की ओर से तीन ग्राम पंचायतों को सांस्कृतिक कार्य के लिए वाद्य यंत्र भी दिए गए।
इनको मिला सम्मान
कार्यक्रम में राघव राम सेवा संस्थान, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, डॉ. प्रज्ञा बाजपेई, डॉ. अमित प्रताप सिंह व जगदीशपुर की उर्वरक इकाई की ओर से क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित कर जिले को क्षय रोग मुक्त बनाने में सहयोग करने पर सम्मानित किया गया है। इसके अतिरिक्त अभियान में बेहतर काम करने वाले अजय कुमार सिंह एसटीएस बाजारशुकुल, अरविंद त्रिपाठी एसटीएस, प्रशांत कुमार पीपीएम, मोहम्मद वसीम तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर भेंटुआ की सीएचओ गुड़िया तिवारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।