अमेठी। जिले में डेंगू के संदिग्ध मरीजों का आंकड़ा हर दिन बढ़ता जा रहा है। बुधवार को 19 बुखार पीड़ितों की एनएस वन कार्ड से जांच करने पर संदिग्ध मिले हैं। सभी का सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजा गया है।
बुधवार को एनएस वन कार्ड से हुई डेंगू की जांच रिपोर्ट में 19 लोग संदिग्ध मिले हैं। जिसमें सबसे ज्यादा जगदीशपुर में 15, गौरीगंज दो अमेठी व भादर में एक-एक संदिग्ध मरीज मिले हैं। सभी संदिग्धों का सैंपल एलाइजा जांच के लिए आरटीपीसीआर लैब को भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही डेंगू स्पष्ट हो सकेगा। जिला मलेरिया अधिकारी शेषधर द्विवेदी ने बताया कि गांव में साफ-सफाई के साथ एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया है।
बाजार शुकुल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बने डेंगू वार्ड में अब तक मात्र दो ही मरीजों ने भर्ती होकर अपना इलाज कराया है। निजी अस्पतालों में डेंगू से प्रभावित मरीजों की लाइन लगी हुई है। वहां बेड तक खाली नही हैं। प्रभारी अधीक्षक डॉ. सुधीर कुमार वर्मा का कहना है कि 22 सितंबर को डेंगू की जांच में दो की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है।
दोनों मरीजों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। 25 सितंबर को फिर दो की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव पाए गए मरीजों के गांवों में टीम भेज कर छिड़काव कराया जा रहा है। मरीजों के घर के आस पास रहने वाले लोगों की सैंपलिंग कराई जा रही है।