जायस (अमेठी)। पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान एक डीसीएम में भर कर अवैध रूप से ले जाए जा रहे भैंस प्रजाति के 19 पशुओं को बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। अवैध पशु तस्करी में तीन अन्य लोगों के भी नाम सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, एक टीम बुधवार को जायस थाना क्षेत्र में नहर पुलिया मौलवी कला के निकट चेकिंग कर रही थी। तभी एक डीसीएम की जांच की गई तो उसमें भैंस प्रजाति के 19 पशुओं को क्रूरतापूर्वक भरे मिले। डीसीएम पर मौजूद लोग कोई वैध दस्तावेज व डीसीएम के कागजात नहीं दिखा पाए। इसके बाद मय डीसीएम पशु व उसमें सवार दो लोगों को थाने लगाया गया।
जांच पड़ताल के बाद मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जायस के चौधराना मोहल्ला निवासी संतोष कुमार सोनकर व प्रतापगढ़ के लालगंज अझारा थाना क्षेत्र के अगई बास निवासी बबलू को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से डीसीएम, छह सौ रुपये व मवेशी बरामद किए गए हैं। इनके दो साथी भाग निकले। पुलिस का कहना है कि फरार लोगों की तलाश की जा रही है। एसओ रवि कुमार सिंह का कहना है कि एक डीसीएम में अवैध रूप से ले जाए जा रहे भैंस प्रजाति के 19 पशु बरामद हुए। मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। तीन अन्य की तलाश की जा रही है।