पीएचसी सैंठा में आयोजित आरोग्य मेले में मरीज का उपचार करते डॉक्टर राजीव सौरभ। संवाद
अमेठी सिटी। जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को जन आरोग्य मेला आयोजित किया गया। इनमें कुल 1842 मरीजों का परीक्षण कर उपचार किया गया। गंभीर स्थिति वाले 27 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया।
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दखिनवारा और शाहमऊ का निरीक्षण कर मरीजों का हाल जाना और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। गौरीगंज क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सैठा में गौरीगंज सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव सौरभ और पीएचसी में तैनात डॉ. महेंद्र कनौजिया मरीजों का उपचार करते मिले। सैठा गांव निवासी बुजुर्ग मोहम्मद इस्लाम ने सांस फूलने की शिकायत बताई, जिस पर डॉक्टर ने दवा देकर सुबह-शाम ठंड से बचने की सलाह दी।
इब्राहिम ने अपने बेटे को जुकाम और बुखार की शिकायत बताई। इस पर जांच के बाद दवा दी गई। आराध्या नवजात के टीकाकरण के लिए पहुंचीं। अधियारी गांव निवासी श्रीराम और सैठा की बबली को भी जांच के बाद दवाएं दी गईं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महोना में मेले में 62 मरीजों का उपचार किया गया। डॉ. दिनेश तिवारी ने मरीजों की जांच की, जबकि फार्मासिस्ट प्रदीप सिंह दवा वितरण करते रहे। महोना निवासी शिवनायक ने बताया कि खांसी व बुखार से परेशान हैं। जांच कर दवा दी गई। महोना निवासी जमीला ने बताया कि पेट में दर्द हो रहा है। डॉक्टर ने दवा दी है।
पूरे बदई गांव निवासी कुलसुम ने बताया कि रक्तचाप बढ़ा है। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें दवा देते हुए परहेज करने संग सावधानी बताई है। महोना निवासी मुंशी रजा ने बताया कि कई दिनों से खांसी आ रही है। डॉक्टर ने दवा दी है। अब आराम मिल जाए तो समझ में आए। मेले में खांसी, बुखार, पेट दर्द और रक्तचाप की समस्या लेकर पहुंचे मरीजों को जांच के बाद दवाएं दी गईं और आवश्यक परहेज की सलाह दी गई।