गौरीगंज के रणंजय इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर बाहर आते परीक्षार्थी। संवाद
अमेठी सिटी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के नौवें दिन केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्वक हुई। पहली पाली में इंटरमीडिएट के कृषि भौतिक एवं जलवायु विज्ञान और कृषि एवं जंतु विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में हाईस्कूल के भूगोल विषय की परीक्षा कराई गई।
पहली पाली में सात केंद्र और दूसरी पाली में 85 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई। सभी स्थानों पर सुरक्षा प्रबंध और निगरानी की व्यवस्था रही। पहली पाली में कृषि विषय में 188 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 152 बालक और 36 बालिकाएं शामिल रहीं। परीक्षा में 184 बच्चे उपस्थित हुए, जबकि चार अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भूगोल विषय में 4389 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 1631 बालक और 2758 बालिकाएं शामिल रहीं। परीक्षा में 4218 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 171 अनुपस्थित रहे।
गौरीगंज स्थित जीजीआईसी केंद्र से बाहर आईं शिवानी मौर्य ने कहा कि अक्षांश और देशांतर से जुड़े प्रश्न अपेक्षा से कठिन रहे। सोनाली मौर्य ने बताया कि मानचित्र आधारित प्रश्नों में देश की पहचान करने में समय लगा। रश्मि कुमारी के अनुसार कुछ दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में विचार करना पड़ा।
कल्पना गुप्ता ने कहा कि बहुविकल्पीय और लघु उत्तरीय प्रश्न सरल रहे, जबकि कुछ विस्तृत प्रश्नों में अधिक समय लगा। कृषि विषय की परीक्षा में भी परीक्षार्थियों की उपस्थिति अच्छी रही। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। सचल दल लगातार निरीक्षण करते रहे। निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।