अमेठी। जिले के 169 ग्राम पंचायतों को साफ सुथरा बनाया जाएगा। पंचायत राज विभाग ने 17.79 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है। धन मिलने पर गांवों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन का काम कराया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत गांवों को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। मिशन के दूसरे चरण में जिले के 13 ब्लाॅक के 169 ग्राम पंचायतों को कूड़ा-कचरा मुक्त बनाने की कवायद शुरू की गई है। विभाग ने इन गांवों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के लिए 17.79 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
ये होंगे कार्य
चयनित गांवों में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन का कार्य शुरू कराया जाएगा। कूड़ा उठाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में ई रिक्शा खरीदा जाएगा। इसके अलावा इंडिया मार्का हैंडपंप पर सोकपिट बनाए जाएंगे।
वर्मी कंपोस्ट, कचरा प्रबंधन केंद्र (आरआरसी सेंटर) का निर्माण, कंपोस्ट पिट, जल निकासी के लिए बनी नालियों पर फिल्टर चैंबर बनाया जाएगा।
ब्लाॅकवार चयनित ग्राम पंचायत
ब्लाॅक ग्राम पंचायत
अमेठी 5
बहादुरपुर 5
भादर 4
भेटुआ 10
गौरीगंज 13
जगदीशपुर 32
जामो 9
मुसाफिरखाना 17
शाहगढ़ 7
बाजारशुकुल 12
सिंहपुर 25
तिलोई 24
भेजा गया प्रस्ताव
जिले के 169 ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन का कार्य कराने के लिए शासन को 17 करोड़ 79 लाख 68 हजार 958 रुपये की धनराशि का प्रस्ताव भेजा गया है। धन आवंटन के बाद स्वच्छता का काम शुरू कराया जाएगा। श्रीकांत यादव, डीपीआरओ अमेठी