बाजारशुकुल के मखदूमपुर कला ग्राम पंचायत में सूखी पानी की टोटी।-संवादबाजारशुकुल के मखदूमपुर कला
र शुकुल। मखदूमपुर कला ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन की टंकी की मोटर जलने से सात दिन से जलापूर्ति ठप है। इससे मखदूमपुर कला, छज्जू मोहिद्दीन समेत 12 पुरवों के करीब 15 हजार लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। गांवों में अधिकतर हैंडपंप भी खराब हैं। ऐसे में ग्रामीणों को दूर से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है। पेयजल संकट के कारण घरेलू कामकाज के साथ मवेशियों के लिए पानी जुटाने में भी परेशानी हो रही है।
छज्जू मोहिद्दीनपुर के जगदंबा प्रसाद ने बताया कि हफ्ते भर से जलापूर्ति बाधित होने के कारण पीने के पानी के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इसी गांव के पारसनाथ और विक्रम सिंह ने बताया कि मरम्मत के अभाव में अधिकतर हैंडपंप खराब हो गए हैं। इससे पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। मखदूमपुर के परमजीत निषाद ने बताया कि एक सबमर्सिबल के सहारे 10 से 12 घरों के लोग पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। इससे जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है।
लईक अहमद और फारुख अहमद ने बताया कि पेयजल संकट से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। मवेशियों के लिए पानी जुटाना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने जल्द जलापूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
दो दिन में बहाल होगी जलापूर्ति
ऑपरेटर राहुल कुमार ने बताया कि मोटर जलने से जलापूर्ति बाधित हुई है। मोटर को मरम्मत के लिए भेजा गया है। ग्राम प्रधान परमजीत निषाद ने बताया कि जल निगम के अवर अभियंता से शिकायत कर मोटर जल्द ठीक कराने की मांग की गई है। जल निगम के अवर अभियंता प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि मोटर की मरम्मत कराई जा रही है। दो दिन में जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।