गौरीगंज (अमेठी)। जिले में कोरोना संक्रमण रोकने की तमाम कवायद का कोई खास असर नहीं दिख रहा है। आलम यह है कि रविवार व सोमवार देर रात आई जांच रिपोर्टों में मोहनगंज थाने में तैनात एक व पुलिस लाइन में तैनात चार सिपाही समेत 15 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमितों में से मात्र दो लोगों की ही ट्रेवल हिस्ट्री है। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमितों के निवास व तैनाती स्थलों को सील कराते हुए सैनिटाइजेशन व बचाव कार्य शुरू करने का आदेश दिया है।
कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पिछले दिनों बड़ी संख्या में लोगों की सैपलिंग कराई। इनमें से रविवार देर रात मिली 437 रिपोर्ट में नौ व सोमवार देर रात मिली 226 रिपोर्ट में छह लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रविवार देर रात मिली रिपोर्ट में जो लोग पॉजिटिव पाए गए हैं उनमें से सीएचसी बाजार शुकुल में तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी, जगदीशपुर के उतेलवा, पूरे कतिकन, गढ़ा व भटपुरवा के एक-एक युवक, जामो के पूरे सुत्ता पांडेय, गौरीगंज शहर के चौक मोहल्ले की एक महिला व अमेठी के रायपुर फुलवारी व केशवनगर के एक-एक लोग शामिल हैं।
इसी तरह सोमवार देर रात आई 226 लोगों की रिपोर्ट में मोहनगंज थाने में तैनात एक व पुलिस लाइन में तैनात चार सिपाही तथा जगदीशपुर का एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने संक्रमित मिले मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उनके इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही संक्रमित क्षेत्र को सैनिटाइज करने के साथ ही पहले से गठित टीमों को सक्रिय होकर बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 486 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से 394 ठीक हो चुके हैं तो दो की मौत हो चुकी है। वर्तमान में 90 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।