गौरीगंज के जेठूमवई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित आरोग्य मेले में मरीज का इलाज करते डॉक्ट
अमेठी सिटी। जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को लगे जन आरोग्य मेले में 1489 मरीजों का इलाज किया गया। वहीं नौ मरीजों की हालत गंभीर मिलने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। जेठूमवई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह से मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। परचा बनवाने के बाद मरीज चिकित्सक के कक्ष के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
कोई बुखार और बदन दर्द से परेशान था तो कोई सर्दी-जुकाम और कान दर्द की शिकायत लेकर पहुंचा था। चिकित्सक एक-एक कर मरीजों की जांच कर दवाएं देते रहे। दोपहर करीब 12 बजे जेठूमवई निवासी अमरजीत सिंह कान में दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पांच दिनों से कान में दर्द हो रहा है। बाहर से दवा लेने पर राहत नहीं मिली तो मेले में उपचार कराने पहुंचे। चिकित्सक ने जांच के बाद दवा दी।
सरोज तिवारी ने बताया कि एक सप्ताह से बुखार और बदन दर्द की समस्या है। जांच के बाद चिकित्सक ने दवा देकर सावधानी बरतने की सलाह दी। अमित कुमार ने बताया कि पांच दिनों से सर्दी-जुकाम और बुखार है। दवा लेने पर कुछ समय राहत मिलती है, फिर बुखार तेज हो जाता है। आकाश ने बताया कि तीन दिनों से बुखार के साथ खांसी की समस्या है। घरेलू उपचार के बाद भी राहत नहीं मिली। इसके बाद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराई।
मेले में चिकित्सकों ने मरीजों की जांच के साथ उन्हें बीमारियों से बचाव के तरीके भी बताए। लोगों को सफाई रखने और स्वच्छ या उबला पानी पीने की सलाह दी गई। चिकित्सकों ने कहा कि बुखार, दस्त या अन्य स्वास्थ्य समस्या होने पर लापरवाही न बरतें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं। मेले में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ निशुल्क दवाएं भी दी गईं।