अमेठी सिटी। बिजली कनेक्शन से वंचित जिले के 144 परिषदीय स्कूल जल्द रोशन होंगे। कनेक्शन के लिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के खाते में 93 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए गए हैं। कनेक्शन होने के बाद विद्यार्थियों को गर्मी के मौसम में काफी राहत मिलेगी।कंपोजिट ग्रांट से वायरिंग के साथ पंखा लगा होने के बावजूद बच्चे गर्मी में परेशान है। अधिकांश में मतदान केंद्रों से चुनाव के दिन पोलिंग पार्टियों को परेशानी होती। बेसिक शिक्षा विभाग ने पावर कॉर्पोरेशन से कनेक्शन की बात कही। बिजली विभाग ने 93 लाख रुपये का इस्टीमेट सौंंपा था। अनुमानित आगणन मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने शासन से धन की डिमांड की। पावर काॅर्पोरेशन के खाते में धनराशि भेजते हुए बीईओ व प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर कनेक्शन करवाने को कहा गया।
कनेक्शन होने के बाद स्कूल में प्रकाश की व्यवस्था होगी तो गर्मी में पंखा चलने से बच्चों को शिक्षण कार्य में परेशानी नहीं होगी।
बिजली विभाग को सौंपी गई सूची
स्कूलों में बिजली का कनेक्शन करने के लिए विद्युत वितरण खंड के चारों खंडों को स्कूल की सूची के साथ तीन अप्रैल को धनराशि भेज दी गई है। अब ऐसे सभी स्कूलों में बिजली का कनेक्शन जल्द करा दिया जाएगा। कनेक्शन होने के बाद स्कूल में गर्मी के दिनों में बच्चों व शिक्षकों को परेशानी नहीं होगी।
- संजय कुमार तिवारी-बीएसए