अमेठी सिटी। शहर से लेकर गांव तक मरीजों को अब खून की जांच के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। पीएचसी में रैपिड कार्ड टेस्ट से बुखार और अन्य संक्रमण सहित 14 प्रकार की जांच की सुविधा मिलेगी।
जिला अस्पताल, 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। जिला अस्पताल में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब का निर्माण कार्य चल रहा है तो सीएचसी में पब्लिक हेल्थ लैब का निर्माण हुआ है। इसके साथ ही अब 30 पीएचसी पर रैपिड कार्ड टेस्ट की मदद से बुखार व अन्य संक्रमणों से जुड़ी 14 प्रकार की खून की जांच की सुविधा शुरू कर दी गई है। मरीजों को खून के जांच की सुविधा मिलने से जहां समय पर इलाज मिलेगा, वहीं उनका समय और पैसा बचेगा। अब मरीजों को निजी लैब की महंगी जांच से राहत मिलेगी और नजदीकी पीएचसी पर ही मुफ्त जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अब कंप्लीट ब्लड काउंट (सीबीसी) जांच की सुविधा दी जा रही है। इस जांच के जरिए प्लेटलेट्स, हीमोग्लोबिन (एचबी), व्हाइट ब्लड सेल्स (डब्ल्यूबीसी), रेड ब्लड सेल्स (आरबीसी) जैसी महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है जो रोग की शीघ्र पहचान और सही इलाज में मददगार होती है।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की पहल
जिले में पहले से ही जिला अस्पताल में पैथोलॉजी लैब और इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब का निर्माण कार्य चल रहा है, वहीं 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पब्लिक हेल्थ लैब का भी निर्माण हो चुका है। फिलहाल पहले से सीएचसी पर हेल्थ एटीएम सहित अन्य मशीनों से तो जिला अस्पताल में हाईटेक मशीन से मरीजों के खून की जांच हो रही है।
मरीजों को मिलेगी राहत
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना हमारी प्राथमिकता है। सभी पीएचसी में रैपिड कार्ड से जांच की सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे जिला अस्पताल और सीएचसी पर जांच का दबाव कम होगा। वहीं मरीजों को राहत मिलेगगी।
- डॉ. अंशुमान सिंह, सीएमओ