अमेठी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक के यात्री 26 फरवरी से पांच मार्च तक परेशानी झेलेेंगे। गौरीगंज से अमेठी रेलवे स्टेशन के बीच दोहरीकरण ट्रैक के नॉन इंटरलॉकिंग कार्य को पूरा करने के लिए विभाग की ओर से दिए गए ब्लॉक को इसका कारण बताया जा रहा है।
आदेश के बाद संचालन विभाग ने 14 ट्रेनें निरस्त करते हुए सात एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया है। संचालन विभाग का आदेश सार्वजनिक होने के बाद आरक्षित टिकट के यात्रियों के साथ अन्य यात्रियों को इस अवधि में यात्रा करने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ेगा। रेलवे के निर्णय से प्रतिदिन करीब तीन हजार यात्रियों को परेशानी झेलनी होगी।
गौरीगंज-अमेठी के बीच दोहरीकरण रेल ट्रैक पर ट्रेनें संचालित करने की कोशिश में जुटा रेल विभाग आगामी 26 फरवरी से पांच मार्च तक नॉन इंटरलॉकिंग कार्य पूरा करेगा। इसमें कोई व्यवधान न हो, इसके लिए मंजूरी मिलने के बाद संचालन विभाग को ब्लॉक आदेश निर्गत कर दिया गया है।
ब्लॉक आदेश मिलने के बाद संचालन विभाग ने ट्रैक पर प्रतिदिन संचालित रायबरेली-जौनपुर एक्सप्रेस, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस, शटल पैसेंजर, पीआरएल पैसेंजर व वीपीएल पैसेंजर (सभी ट्रेनें अप/डाउन) को 26 फरवरी से पांच मार्च तक के लिए निरस्त कर दिया है।
इतना ही नहीं अप/डाउन पंजाब मेल व नीलांचल एक्सप्रेस को वाया सुल्तानपुर, अप/डाउन अर्चना एक्सप्रेस को वाया फैजाबाद तथा यशवंतपुर-लखनऊ एक्सप्रेस को वाया ऊंचाहार संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त तीन मार्च को रायबरेली-प्रतापगढ़ के बीच साकेत लिंक एक्सप्रेस को निरस्त रखते हुए अप काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस तीन मार्च को दो घंटे विलंब से संचालित होगी।
विभाग का आदेश सार्वजनिक होने के बाद यात्रियों में हड़कंप मचा हुआ है। आरक्षित टिकट के यात्री टिकट निरस्त कराने के साथ नई तिथि का टिकट लेने को परेशान हैं तो निरस्तीकरण अवधि में दिन में एक भी पैसेंजर ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को परेशानी के साथ ही निजी वाहन का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ेगा।
स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार ने संचालन विभाग का आदेश मिलने की पुष्टि की है। अधीक्षक ने बताया कि निरस्त व मार्ग परिवर्तित ट्रेनों की जानकारी यात्रियों को दी जा रही है। बुकिंग काउंटर पर टिकट निरस्त करने के साथ नई तिथि के टिकटों की बुकिंग की जा रही है। यात्रियों को परेशानी न हो इसके लिए निरस्त व मार्ग परिवर्तित ट्रेनों की सूचना का प्रचार-प्रसार भी लगातार किया जा रहा है।
स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने ट्रैक पर संचालित ट्रेनों में से 14 के निरस्त व सात के मार्ग परिवर्तित होने की पुष्टि की है। शेष 35 ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय सारिणी के अनुसार ही होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए सूचना बोर्ड पर चस्पा करा दी गई है।