फुरसतगंज स्थित राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में मौजूद
फुरसतगंज (अमेठी)। राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय (आरजीएनएयू) फुरसंतगंज का प्रशासनिक ब्लॉक शनिवार को संस्थान के पहले दीक्षांत समारोह का गवाह बना। दीक्षांत समारोह में बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (एविएशन सर्विसेज एंड एयर कार्गो) और एयरपोर्ट ऑपरेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा के 137 स्नातकों को डिग्री वितरित की गई। डिग्री मिलने से विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
इस दौरान मुख्य अतिथि नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने 14 छात्रों को स्वर्ण पदक, रजत पदक और राष्ट्रपति स्वर्ण पदक प्रदान किए। इस मौके पर नागरिक उड्डयन सचिव वुमलुनमंग और आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहूजा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो. भृगुनाथ सिंह ने की।
नए सत्र में शुरू होंगे ये पाठ्यक्रम
नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने आगामी सत्र 2025-26 के लिए नए शैक्षणिक कार्यक्रमों की शुरुआत की घोषणा की। नए पाठ्यक्रम में पायलट कैडेट और एयरक्राॅफ्ट मेंटीनेंस इंजीनियरों के लिए बीएससी (एविएशन), बीबीए (एविएशन), एमबीए (एविएशन), एयरोस्पेस, इलेक्ट्रॉनिक्स और दूरसंचार में बीटेक के पाठ्यक्रम शामिल हैं। कहा कि ये नए पाठ्यक्रम छात्रों को विमानन क्षेत्र की बढ़ती मांगों को पूरा करने के लिए तैयार करेंगे।
आमंत्रण गया, पर नहीं आए रायबरेली व अमेठी सांसद
राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय (आरजीएनएयू) फुरसंतगंज में आयोजित दीक्षांत समारोह में संस्थान की ओर से रायबरेली सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा को आमंत्रित किया गया था, लेकिन दोनों सांसद कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। अमेठी कांग्रेस के जिला प्रवक्ता अनिल सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार के दबाव में संस्थान ने संवैधानिक शिष्टाचार का उल्लंघन किया है, जिसके कारण दोनों सांसद कार्यक्रम में नहीं आए।