जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय पुलिस ने रविवार देर रात एक पिकअप से बड़ी मात्रा में हरियाणा ब्रांड की शराब बरामद की। रात में अंधेरे का फायदा उठाते हुए वाहन पर मौजूद तीन लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने पिकअप से 1,366 लीटर शराब बरामद कर वाहन को सीज करते हुए दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिले में बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध मादक पदार्थ व शराब निर्माण तथा बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस विशेष अभियान संचालित कर रही है। मुखबिर की सूचना पर रविवार रात प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने भूसा लदी पिकअप को रुकने का इशारा किया तो चालक वाहन लेकर भागने लगा।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया तो वारिसगंज के गुरुगंज के पास पिकअप पलट गई। अंधेरे का फायदा उठाकर पिकअप पर सवार तीन लोग मौके से भाग निकले। पिकअप से पुलिस को हरियाणा मॉडल की 154 पेटियों में 1,366 लीटर शराब बरामद हुई।
शराब के साथ मौके पर मिले दस्तावेजों व इंजन और चेसिस संख्या का मिलान नहीं होने पर वाहन को सीज करने के साथ मिली डायरी के आधार पर जसविंदर सिंह व अमीरूद्दीन के खिलाफ नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद अभियुक्तों की तलाश व व्यवसाय में संलिप्त अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।