अमेठी सिटी। जिले के स्वास्थ्य महकमे और स्थानीय लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जिले को 13 एमबीबीएस चिकित्सक मिले हैं। सभी 13 सीएचसी पर एक-एक चिकित्सक तैनात होंगे। चिकित्सकों की तैनाती के बाद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।
जिले के स्वास्थ्य महकमे में चिकित्सकों की भारी कमी है। जिले में 90 चिकित्सक पदाें के सापेक्ष 52 चिकित्सकों की तैनाती है। ऐसे में चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, एक-एक चिकित्सक को 24 से 48 घंटे ड्यूटी करनी पड़ती है। ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ लगती है, जिससे मरीजों को दिखाने के लिए इंतजार करना पड़ता है।
ऐसे में जिले को 13 नए चिकित्सक मिले हैं, जिनकी तैनाती जिले की सभी 13 सीएचसी में होगी। इन चिकित्सकों की तैनाती के बाद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। वहीं, ओपीडी के साथ इमरजेंसी में मरीजों को राहत मिलेगी। नामित चिकित्सकों ने सीएमओ कार्यालय परिसर में योगदान आख्या प्रस्तुत करनी शुरू कर दी है।
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि 13 एमबीबीएस चिकित्सक मिले हैं। चिकित्सक अपनी योगदान आख्या प्रस्तुत कर रहे हैं। जल्द ही सभी चिकित्सकों की तैनाती सीएचसी में की जाएगी।