अमेठी सिटी। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज में रविवार को जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों का चयन 20वीं राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 के लिए किया गया है। हैदराबाद तेलंगाना में होने वाली प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी अमेठी का प्रतिनिधित्व करेंगे।
14 वर्ष बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में सुदीप और 600 मीटर में निहाल ने पहला स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग की 60 मीटर दौड़ में जान्हवी और 600 मीटर में गौरवी प्रथम रहीं। 16 वर्ष बालिका वर्ग की 60 मीटर दौड़ में अनु शुक्ला और 600 मीटर में आंशिक ने बाजी मारी। गोला फेंक में शुभी सिंह और सेजल, भाला फेंक में वैष्णवी और लंबी कूद में मान्यता सिंह ने पहला स्थान हासिल किया।
16 वर्ष बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में शिवा और 600 मीटर में शोभित प्रथम रहे। गोला फेंक में शिखर सिंह, भाला फेंक में शोभित और लंबी कूद में कार्तिक मौर्य ने बाजी मारी। चयनित खिलाड़ियों को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। संघ के सचिव संदीप कुमार सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों के साथ एक कोच और एक मैनेजर भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जाएंगे।
अन्य खिलाड़ियों ने भी दिखाया दमखम
प्रतियोगिता में 14 वर्ष बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में सर्वेश द्वितीय और शुभ सिंह तृतीय स्थान पर रहे। 600 मीटर दौड़ में विपिन दूसरे और श्याम तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की 60 मीटर दौड़ में दिव्या द्वितीय और अनामिका तृतीय स्थान पर रहीं। 16 वर्ष बालिका वर्ग की 60 मीटर दौड़ में ज्योति द्वितीय और अनु तृतीय स्थान पर रहीं। गोला फेंक में साक्षी दूसरे और रौनक तीसरे स्थान पर रहीं। 16 वर्ष बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में शाश्वत द्वितीय और इरशाद अली तृतीय स्थान पर रहे। गोला फेंक में नीतीश दूसरे और दौलत अली तीसरे स्थान पर रहे।