अमेठी। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीरे-धीरे धीमी हो रही है। शनिवार रात आई 1,548 सैंपलों की रिपोर्ट में 1,536 निगेटिव तो 12 स्थानीय नागरिक कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
जिला प्रशासन की कोशिश व जागरूकता के बाद जिले में कोविड-19 संक्रमण की रफ्तार सुस्त पडने लगी है। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जिला प्रशासन को शनिवार देर रात 26 व 28 नवंबर को अलग-अलग स्थानों से एंटीजन, ट्रूनॉट व रैपिड टेस्ट विधि से 1,548 लोगों की सैंपलिंग रिपोर्ट मिली।
रिपोर्ट में गौरीगंज ब्लॉक में सर्वाधिक छह समेत 12 स्थानीय नागरिक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव तो 1,536 की रिपोर्ट निगेटिव मिली। रिपोर्ट में अस्पताल व होम आइसोलेट 14 कोरोना संक्रमितों के संक्रमण मुक्त होने तथा स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज करने की बात कही गई है।
पॉजिटिव मिले लोगों में गौरीगंज ब्लॉक के अलग-अलग स्थानों पर रहने वाले में छह, जगदीशपुर ब्लॉक के अलग-अलग गांव के तीन, भेटुआ, शाहगढ़ व भादर ब्लॉक के एक-एक लोग शामिल हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने पहले से गठित टीमों को सक्रिय करते हुए संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की सैपलिंग तथा प्रोटोकॉल के तहत बचाव कार्य युद्धस्तर पर करते हुए संक्रमित क्षेत्र को संक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया।